back to top

Rajnandgaon Update: दीनदयाल नगर में युवक की हत्या,प्रॉपर्टी डीलिंग को लेकर हत्या की आशंका, डंडे से वार कर कपड़े में बांधकर शव छिपाने का प्रयास…

राजनांदगांव। शहर के दीनदयाल नगर, पुलिस चौकी चिखली अंतर्गत एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अर्जुन वाधवानी (30-32 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राम नगर का निवासी बताया जा रहा है और चिखली क्षेत्र में किराए के मकान में वर्मा लड़के से मिलने गया था। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार, जिस मकान में वारदात हुई वह किराए का है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्मा नामक युवक ने अर्जुन वाधवानी को अपने किराए के मकान में बुलाया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक पर डंडे से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। हत्या के बाद शव को कपड़े में बांधकर छिपाने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का ताला तोड़ा और अंदर से शव बरामद किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और चोटों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी और हत्या की पूरी वजह को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। घटना के बाद दीनदयाल नगर और चिखली क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।

Advertisements

You cannot copy content of this page