VISION TIMES : तेज रफ्तार कार चालक बाइक सवार भाई-बहन को रौंदा…

भिलाई । बीती रात को छावनी बस्ती के पास नशे में धुत तेज रफ्तार एक कार चालक ने बाइक से घर जा रहे भाई-बहन को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बहन की मौत हो गई और भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक ने भागते हुए एक सायकल सवार को ठोकर मार कर घायल कर दिया।

इधर घटना के बाद छावनी बस्ती के लोग जुटे और घायल को अस्पतल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची छावनी व जामुल थाने की पुलिस ने हालात संभाले। इस दौरान लोग काफी आक्रोशित थे और जमकर हंगामा किया।

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बीती रात लगभग 18 से 8.30 बजे के बीच की बताई जा रही है। छावनी बस्ती निवासी साक्षी साव व उसका भाई चंदन साव अपने घर जा रहे थे। इस दौरान हथखोज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कार चालक ने भाई-बहन को जोरदार ठोकर मार दी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार चालक नशे में धुत था। हादसे के बाद वह तेजी से कार सहित भाग गया। इस दौरान एक और शख्स को भी ठोकर मारी हालांकि वह ज्यादा चोटिल नहीं हुआ।

इधर हादसे में साक्षी साव (18) की मौके पर ही मौत हो गई वहीं चंदन साव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद छावनी बस्ती के लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने हादसे के लिए कार चालक को जितना जिम्मेदार बताया उतना ही प्रशासन को भी बताया। दरअसल छावनी बस्ती के मुख्य मार्ग का डामरीकरण किया गया और पहले जहां ब्रेकर बने थे वे समतल हो गए। डामरीकरण के बाद यहां ब्रेकर नहीं बनाया गया।

लोगों का कहना है कि ब्रेकर नहीं होने से कार व अन्य वाहन काफी रफ्तार से चल रहे हैं जो कि हादसे का कारण बन रहे हैं। लोगों के हंगामे की सूचना पर जामुल व छावनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद लोगों का गुस्सा शांत कराया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और आरोपी कार चालक की भी तलाश की जा रही है।