back to top

राजनांदगांव : छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाला शिक्षक गिरफ्तार…

डोंगरगांव। पिछले छह महीने से फरार पॉक्सो एक्ट के एक आरोपी शिक्षक को अंततः पुलिस ने पकड़ने में सफलता पाई है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले कई महीनों से अलग अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था ।

Advertisements

पुलिस उसको लगातार ट्रेस कर रही थी, लेकिन शातिर आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदल रहा था। बता दें कि ब्लॉक के एक हाईस्कूल की कुछ छात्राओं ने वहां कार्यरत एक शिक्षक के विरूद्ध छेड़छाड़ आदि की लिखित शिकायत स्कूल में लगे पॉक्सो बॉक्स में डाल रखा था।

जब बाल संरक्षण आयोग की सदस्य स्कूल के आकस्मिक निरीक्षण में पहुंची थी, तब उन्होंने जब बॉक्स खुलवाया तो उक्त शिकायत सबके सामने आई जिसके बाद हाईस्कूल के प्राचार्य की लिखित शिकायत पर आरोपी शिक्षक के विरूद्ध पुलिस ने की धारा 354 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 12 के तहत् अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया था। जांच उपरांत जब आरोपी शिक्षक की पतासाजी की गई तो वह फरार हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पुलिस इस मामले में लगातार आरोपी शिक्षक की पतासाजी में लगी रही। लेकिन आरोपी शिक्षक हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेने की फिराक में लगातार अपना लोकेशन बदलता रहा।

इस संबंध में यह भी पता चला है कि अग्रिम जमानत के लिए आरोपी शिक्षक लगातार प्रयास करता रहा और इसके लिए उसने काफी एड़ी चोटी का जोर भी लगाया। परन्तु उसे अग्रिम जमानत नहीं मिल पाई। इस बीच पुलिस ने उसका लोकेशन भी ट्रेस किया और अंतत: उसे गिरफ्तार करने में सफलता भी प्राप्त की।

इस संबंध में थाना प्रभारी भरत बरेठ ने बताया कि आरोपी शिक्षक उत्तरा कुमार लहरे (45 वर्ष) आ. सुखचैन लहरे, मूल निवासी आसरा को इस मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। पुराने मामले में काफी दिनों से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी राहत मिली है।

Advertisements

You cannot copy content of this page