
भिलाई। शहर में भीख मांगने के बहाने घूम-घूमकर चोरी करने वाले पति पत्नी को भट्टी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी पति-पत्नी दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास रहते थे और शहर में घूमते हुए ने मकान में मौका देखकर मोबाइल पार कर देते । दो दिन पहले सेक्टर-1 में टाटा फनिन्द्रा नाम के व्यक्ति के घर से लैपटॉप भी इसी तरह ले गए। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी दंपति को गिरफ्तार किया। दोनों ने चोरी के मोबाइल व लैपटॉप को जमीन में गाड़ दिया था। दुर्ग रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर के नीचे से पुलिस ने आठ मोबाइल व एक लैपटॉप बरामद किया है।
मामले में टाटा फनिन्द्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि वह रात को अपने लैपटॉप में काम करने के बाद सो गया। सुबह लैपटॉप को पास में रखकर नहाने चला गया। घर में उसकी माताजी दूसरे कमरे में सो रही थी कि रूम के खुले दरवाजे से घर अंदर किसी अज्ञात चोर द्वारा प्रवेश कर रूम में रखे लैपटॉप को चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
इस दौरान पुलिस को सीसी टीवी फुटेज मिला जिसमें भीख मांगने के बहाने पहुंचा एक युवक घर में दाखिल हुआ और लैपटॉप ले गया। बाहर एक महिला भी खड़ी थी और दोनों साथ में चले गए। सीसी टीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की। इस बीच मुखबिर द्वारा सूचना दिया गया कि घूम-घूम कर भीख मांगने वाले एक पुरूष एंव एक महिला के द्वारा रेल्वे स्टेशन दुर्ग क्षेत्र में लैपटाप एंव मोबाईल खरीदने के लिए लोगों से पूछ रहे हैं। सूचना पर हेमंत सोबर एंव नागमणी सोबर को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया।
बिलासपुर से दुर्ग-भिलाई शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घुम-घुम कर खुले मकान से मोबाईल एंव प्रकरण के घटनास्थल से लैपटाप की चोरी करना स्वीकार किए। चोरी किए गये मोबाईल एंव लैपटाप को दुर्ग रेल्वे स्टेशन के ओव्हर ब्रिज के नीचे जमीन के नीचे गढ्ढा कर उसके उपर मिट्टी डालकर छिपा देना बताए। आरोपी हेमंत सोबर की निशानदेही पर रेल्वे स्टेशन दुर्ग ओव्हर ब्रिज के नीचे जमीन में गाड़कर छिपाये गये कुल आठे नग विभिन्न कंपनियों के मोबाईल एंव एचपी कंपनी का लैपटॉप बरामद किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।









































