back to top

VISION TIMES : मामूली विवाद पर युवक की चाकू मारकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार…

DEMO PHOTO

भिलाई। कुम्हारी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के चलते एक जनवरी की रात एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। घायल ने रायपुर मेकाहारा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। कुम्हारी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisements

सीएसपी छावनी प्रभात कुमार ने बताया कि कुम्हारी स्थित आनंद पेट्रोल पंप के पास रविवार को कुछ आरोपियों ने तीन लड़कों को बुरी तरह मारा। इसके बाद चाकू लेकर उन्हें सड़क पर दौड़ाने लगे। जब एक युवक भागते-भागते थक गया तो उसके पेट में चाकू से वार कर आरोपी भाग निकले थे। इस घटना में देवबलौदा निवासी प्रवीण कुमार यादव (21 वर्ष) की मौत हो गई।

यह वारदात एक जनवरी को देर रात लगभग 12 बजे की है। प्रवीण अपने दोस्त विनय, मोहन यादव और खिलेश सिंह के साथ अपने घर से कुम्हारी स्थित दशमेश ढाबा खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद जब प्रवीण चलने लगा तो देखा उसकी एक्टिवा में पेट्रोल खत्म होने वाला है, वह अपने दोस्तों के साथ ढाबा के सामने स्थित आनंद पेट्रोल पंप पेट्रोल डलाने पहुंचा।

उसी दौरान वहां तीन बाइक और स्कूटी में चार लड़के पहुंचे और यहीं दोनों पक्ष में विवाद और मारपीट तक हुई। चारों युवक शराब के नशे में थे। उन लोगों ने बिना किसी विवाद के खिलेश से गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने खिलेश, मोहन और विनय से मारपीट की। मामला बढ़ने पर एक युवक ने चाकू निकाल लिया। इसके बाद उसने प्रवीण और उसके साथियों को सड़क पर ही दौड़ाना शुरू कर दिया।

इसी दौरान यलो शर्ट ब्लू जींस पहने युवक और उसके साथियों ने प्रवीण के पेट में चाकू से वार कर दिया। इसके बाद प्रवीण लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। गुरुवार को जब प्रवीण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया तो कुम्हारी पुलिस ने इस मामले में हत्या का अपराध दर्ज किया। सीसीटीवी कैमरा व अन्य साक्ष्य जुटाने के आधार पर आरोपियों की पहचान पर तलाश की गयी। आज इस मामले में आरोपी बिट्टू, रजत, सुनील उर्फ अंडा और युगल को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात का पांचवां आरोपी लल्ला वैशाली नगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया गया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page