VISION TIMES: राजनांदगांव में मधुमक्खियों का कहर, दो की मौत, छह लोग घायल, खेत में काम कर रही थी महिलाएं…

राजनांदगांव। शहर के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ, जब खेत में काम कर रहीं महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा। इस हमले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच महिलाएं और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों का इलाज जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में जारी है।

घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है जब बजरंगपुर नवागांव वार्ड निवासी सुशीला देवांगन, पार्वती साहू, माया डोंगरे, सुनीता यादव और सुमित्रा साहू रोज़ की तरह खेत में काम करने पहुंचीं थीं।
खेत में टिफिन निकालते समय अचानक मधुमक्खियों का एक बड़ा झुंड उन पर टूट पड़ा।
इस हमले में पास ही खड़े शिव यदु और उनका बेटा भी घायल हो गए।

वार्ड पार्षद राजा तिवारी के अनुसार, इस दर्दनाक घटना में शिव यदु और सुशीला देवांगन की मौत हो गई है,
जबकि माया डोंगरे, सुमित्रा साहू, सुनीता यादव, पार्वती साहू और शिव यदु का बेटा गंभीर रूप से घायल हैं।
घायल महिलाओं ने बताया कि मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया और बचने के लिए चीख-पुकार मच गई, लेकिन आसपास कोई मदद नहीं थी।

घटना के बाद जब मधुमक्खियाँ लौट गईं, तो ग्रामीणों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने शिव यदु और सुशीला देवांगन को मृत घोषित कर दिया।
बाकी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

मधुमक्खियों के इस हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों से बचाव के लिए सुरक्षा और राहत के इंतज़ाम किए जाएँ।
फिलहाल, मृतकों के परिजनों को प्रशासनिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मधुमक्खी के काटने से शरीर में एलर्जिक रिएक्शन होता है, जिससे श्वसन तंत्र और हृदय की धड़कन पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि कितनी संख्या में मधुमक्खियों ने व्यक्ति को डंका मारा है।

पवन जेठानी, पीआरओ, मेडिकल कॉलेज अस्पताल