back to top

VISION TIMES : 4 साल की बच्ची को हाथी ने कुचलकर मार डाला…

धमतरी। जिले में घायल हाथी द्वारा मंगलवार की रात ग्राम आमाबहार परिक्षेत्र रिसगांव में झोंपड़ी में सो रहे एक कमार परिवार की 4 साल की बच्ची कुमारी राधा पिता संजय कुमार को कुचलकर हाथी ने मार डाला।

इस घटना से पूरी कमार बस्ती सहम गयी। सूचना मिलने वन अमला रात में ही ग्राम आमाबहार पहुंचा। सुबह मौके पर पहुंचकर परिजनों को वार्ड पंच के समक्ष तत्कालिक सहायता राशि रूपये 25000 उपलब्ध कराई गयी एवं पार्थिव शरीर को शासकीय वाहन से पोस्ट मार्टम के लिए नगरी भेजा गया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों द्वारा हाथी को गांव के समीप रात्रि 10 बजे लगभग देखा गया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने अलाव जलाकर एवं शोर मचाकर अन्य ग्रामीणों को अलर्ट किया था।

उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की टीम द्वारा घायल हाथी की निरंतर ट्रैकिंग की जा रही है। मंगलवार को भी हाथी मित्र दलों ने हाथी को प्रत्यक्ष देखने के बाद सुबह अलर्ट एप में जानकारी भी प्रेषित की थी। जिससे ग्राम आमाबहार के साथ ही आस पास के ग्रामों रिसगांव, मेचका, सान्दबहरा, चमेंदा, साल्हेभाट, एकवारी, खल्लारी एवं गाताबाहरा के ग्रामीणों को सूचित किया गया था।

इसके अतिरिक्त संभावित ग्रामों में मुनादी भी की जा रही है एवं कच्चे घरों में महुवा या धान न रखने हेतु समझाइश दी जा रही है। वहीं हाथी ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग ड्यूटी से नदारद रहने वाले वन रक्षकों एवं एसडीओ सीतानदी पर कार्रवाई की जा रही है।