
सुरगी के कृषि महाविद्यालय और स्कूलों में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
राजनांदगांव पुलिस की रक्षा टीम ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुरगी स्थित पं. शिव कुमार शास्त्री कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र तथा पूर्व माध्यमिक शाला और हायर सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में रक्षा टीम प्रभारी शारदा बंजारे के साथ महिला आरक्षक रीनू मेश्राम और कौशिल्या साहू ने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के उपायों के बारे में बताया गया। साथ ही अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग एवं उसमें उपलब्ध महिला सुरक्षा संबंधी सुविधाओं की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
रक्षा टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के बारे में भी समझाया। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध संदेशों पर भरोसा करने और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले संभावित नुकसान के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा के महत्व को बताते हुए यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सावधानी बरतने और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण की उपस्थिति रही।
राजनांदगांव पुलिस द्वारा ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति समझ विकसित करने, साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता बढ़ाने तथा समाज में सुरक्षित और जिम्मेदार व्यवहार को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।











































