
नाबालिगों को चाकू-छुरी बेचने अथवा हथियारों में धार करने वालों पर भी होगी वैधानिक कार्रवाई

आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से खैरागढ़ पुलिस द्वारा अवैध हथियार, चाकू-छुरी एवं अन्य धारदार हथियारों के संबंध में विशेष जागरूकता एवं समझाइश अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान क्षेत्र के नाबालिग बच्चों एवं युवाओं को समझाइश दी गई कि वे किसी भी प्रकार के चाकू-छुरी अथवा अन्य धारदार हथियार अपने पास न रखें और न ही ऐसे हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमें। उन्हें हथियारों के दुरुपयोग से होने वाले विवाद, मारपीट एवं गंभीर आपराधिक घटनाओं के संभावित परिणामों के संबंध में जानकारी देते हुए अपराध से दूर रहने की समझाइश दी गई।
इसी क्रम में हार्डवेयर एवं बर्तन दुकानदारों से संपर्क कर उन्हें निर्देशित किया गया कि चाकू, छुरी अथवा अन्य धारदार वस्तुओं की बिक्री करते समय विशेष सावधानी बरतें।
नाबालिगों, संदिग्ध व्यक्तियों अथवा आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों द्वारा ऐसी वस्तुओं की मांग किए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई साथ ही चाकू-छुरी में धार करने वाले कारीगरों, वेल्डिंग, फैब्रिकेशन एवं संबंधित दुकानदारों को भी स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई कि यदि कोई नाबालिग अथवा संदिग्ध व्यक्ति चाकू, छुरी या किसी अन्य हथियारनुमा वस्तु में धार कराने अथवा निर्माण/मरम्मत कराने आता है, तो उसकी गतिविधि पर विशेष ध्यान देते हुए तत्काल पुलिस को सूचित करें
पुलिस द्वारा दुकानदारों एवं संबंधित व्यवसायियों को बताया गया कि नाबालिगों के हाथों में धारदार हथियार पहुंचना भविष्य में विवाद, आपसी मारपीट, भय का वातावरण तथा गंभीर आपराधिक घटनाओं का कारण बन सकता है। अतः प्रत्येक व्यवसायी अपनी सामाजिक एवं कानूनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए ऐसी वस्तुओं की बिक्री, धार करने अथवा निर्माण में आवश्यक सावधानी बरतें।
ध्यान रखे
खैरागढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध हथियार रखने, हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा उनका उपयोग कर आमजन में भय उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही नाबालिगों को धारदार हथियार उपलब्ध कराने अथवा संदिग्ध परिस्थितियों में हथियारों को धार करने/बनाने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों की भूमिका पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील
खैरागढ़ पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी व्यक्ति द्वारा अवैध हथियार रखने, लेकर घूमने, हथियारों का प्रदर्शन करने अथवा हथियारों का दुरुपयोग करने की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचना दें।
शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। खैरागढ़ पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखते हुए अपराधों की रोकथाम एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी रखी जाएगी।











































