आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में उपयोग होने वाली ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच संपन्न…

राजनांदगांव 27 जून 2023। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम निर्वाचन 2023 में उपयोग होने वाली ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच 10 से 27 जून 2023 तक ईवीएम वेयरहाउस कलेक्टोरेट परिसर राजनांदगांव में ईसीआईएल द्वारा नियुक्त 9 इंजीनियर्स की टीम द्वारा किया गया। प्रथम स्तरीय जांच की सम्पूर्ण प्रक्रिया  कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमित कुमार, एफएलसी पर्यवेक्षक व अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अरूण कुमार वर्मा, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री खेमलाल वर्मा, एफएलसी नोडल व डिप्टी कलेक्टर श्री अमीय श्रीवास्तव, निर्वाचन पर्यवेक्षक श्री हरीश भाटिया, सहायक प्रोग्रामर श्री भूपेन्द्र सिंह उपस्थित रहे।


प्रथम स्तरीय जांच में 2497 कुल बैलेट यूनिट, 1511 कंट्रोल यूनिट एवं 2095 वीवीपैट की जांच की गई। जिसमें 2479 बैलेट यूनिट, 1497 कंट्रोल यूनिट, 2079 वीवीपीएटी जांच में सही पाई गई तथा 18 बैलेट यूनिट, 14 कंट्रोल यूनिट, 16 वीवीपीएटी रिजेक्ट किए गए। रिजेक्ट मशीनों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक सप्ताह के भीतर ईसीआईएल हैदराबाद भेजा जायेगा। प्रथम स्तरीय जांच में सही पाए गए ईवीएम में से 1 प्रतिशत मशीनों में 1200 मत, 2 प्रतिशत मशीनों में 1000 मत एवं 2 प्रतिशत मशीनों में 500 मत डालकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष मॉकपोल कर वीवीपीएटी की पर्चियों से कंट्रोल यूनिट में दर्शित परिणाम से मिलान किया गया। इसके साथ ही 1 प्रतिशत कंट्रोल यूनिट के साथ 4-4 बैलेट यूनिट जोड़कर लोडिंग टेस्ट भी किया गया। जिसमें सभी मशीनें सही पाई गई।