back to top

एग्रीस्टेक पंजीयन के लिए लगाए शिविर – कलेक्टर तनुजा सलाम…

मोहला। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्य प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भुआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, डिप्टी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Advertisements


कलेक्टर श्रीमती सलाम ने एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष शिविर लगाए जाएं। उन्होंने किसानों को एग्रीस्टेक पंजीयन के महत्व की जानकारी देते हुए जागरूक करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी किसान पंजीयन से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि एग्रीस्टेक पंजीयन होने से किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।कलेक्टर ने स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि बेहतर प्रगति के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर श्रीमती सलाम ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनसामान्य की सुविधा के लिहाज से राजस्व से जुड़े कार्य हमारी प्राथमिकता हैं। राजस्व से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने अविवादित खाता विभाजन, विवादित खाता विभाजन, अविवादित नामांतरण, विवादित नामांतरण, नक्शा बटांकन एवं डायवर्सन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की।

उन्होंने राजस्व अधिकारियों को समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार लंबे समय से लंबित प्रकरणों का अतिशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों की बैठक लेकर उनके स्तर पर लंबित कार्यों के निराकरण के निर्देश भी दिए।


डिजिटल क्रॉप सर्वे की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि सर्वे कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जाए, ताकि सर्वे का कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण हो सके। इस दौरान उन्होंने निस्तार पत्रक अंतर्गत आस्था केंद्र की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बस्तर मुन्ने अभियान के अंतर्गत आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के सर्वे कार्य की भी समीक्षा की तथा उक्त कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

Advertisements

You cannot copy content of this page