back to top

खराब बारदानों में धान खरीदी पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश…

मोहला, 25 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं किसानों के हितों के अनुरूप संचालित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज गोटाटोला, रेंगाकठेरा, आलकन्हर, माडिंगपिडिंग एवं मोहला स्थित धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों में धान खरीदी की व्यवस्था, बारदानों की गुणवत्ता, धान के तौल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान माडिंगपिडिंग उपार्जन केंद्रों में खराब गुणवत्ता के बारदानों में धान खरीदी किए जाने पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित समिति प्रबंधक को तत्काल हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में रेंगाकठेरा एवं आलकन्हर उपार्जन केंद्रों में दुर्ग के मिलर्स से प्राप्त बारदानों की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान बारदाने निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए।

इस पर कलेक्टर के निर्देशानुसार दोनों समितियों से कुल 40 हजार खराब बारदाने संबंधित मिलर्स को वापस करवाए गए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी में केवल अच्छी गुणवत्ता के बारदानों का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए।


कलेक्टर ने सभी निरीक्षण किए गए उपार्जन केंद्रों में धान की बोरियों का वजन भी करवाकर जांच की। इस दौरान कुछ बोरियों में निर्धारित मानक से कम एवं अधिक वजन पाए जाने पर संबंधित समितियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि धान की तौल निर्धारित मापदंडों के अनुसार होनी चाहिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला विपणन अधिकारी तथा संबंधित तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


कलेक्टर श्रीमती सलाम ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिले के समस्त धान उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण कर बारदानों की गुणवत्ता, तौल व्यवस्था एवं धान खरीदी से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जांच करने तथा विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।