खैरागढ़ : ऑनलाइन खाद सप्लाई के नाम पर 5.40 लाख की साइबर ठगी, उत्तर प्रदेश से आरोपी गिरफ्तार…


खैरागढ़। ऑनलाइन खाद एवं कृषि दवा सप्लाई के नाम पर किसान से 5.40 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को खैरागढ़ पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है।


पुलिस के अनुसार, ग्राम चिखलदाह निवासी ऋषभ सिंह ने थाना खैरागढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि कृषि कार्य के लिए खाद और कृषि दवा खरीदने के उद्देश्य से उसने कुछ मोबाइल नंबरों पर संपर्क किया। आरोपियों ने स्वयं को खाद एवं कृषि दवा सप्लायर बताकर व्हाट्सएप और मोबाइल कॉल के माध्यम से ऑर्डर लिया तथा अलग-अलग किश्तों में 5 लाख 40 हजार रुपये अपने बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करा लिए। भुगतान मिलने के बाद न तो खाद और कृषि दवा की आपूर्ति की गई और न ही राशि लौटाई गई। इसके बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए।


शिकायत की जांच के बाद थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 151/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं धारा 66D सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना खैरागढ़ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) में ट्रेस की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश देकर अनुरुद्ध कुमार (27 वर्ष) निवासी नगला लछी, थाना किसनी, जिला मैनपुरी को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 12 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, दो बैंक पासबुक और एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच कर रही है।