back to top

राजनांदगांव: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार,6 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद…

राजनांदगांव। राजनांदगांव साइबर थाना और लालबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से विभिन्न स्थानों से चोरी की गई छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी की बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका उपयोग करते थे।

Advertisements

गिरफ्तार आरोपियों में पंकज मंडिया (19 वर्ष) और प्रतीक गयगये (23 वर्ष) निवासी सांवरीटोला, थाना रावणवाड़ी, जिला गोंदिया (महाराष्ट्र) तथा कमलेश नखाते (26 वर्ष) निवासी ग्राम लाडसा, थाना लांजी, जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, पेण्ड्री निवासी शुभम यादव ने 8 जुलाई 2026 को शेर-ए-पंजाब ढाबा के पास खड़ी अपनी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत थाना लालबाग में दर्ज कराई थी। इस पर अपराध क्रमांक 287/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान साइबर सेल ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पेण्ड्री हाईवे स्थित देवांगन ढाबा के पास घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने राजनांदगांव, रायपुर और महाराष्ट्र के आमगांव क्षेत्र से कुल छह मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वाहनों की पहचान छिपाने के लिए मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल कर रहे थे। एक आरोपी के पास चोरी का वाहन होने की जानकारी होने के बावजूद उसे अपने कब्जे में रखने के कारण प्रकरण में धारा 336(3), 238, 317(2) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की विवेचना जारी है और अन्य चोरी की वारदातों में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page