खैरागढ़: केसीजी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार…

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग प्रकरणों में करीब 55 लीटर देशी एवं अंग्रेजी शराब, नगदी रकम और एक मोटरसाइकिल सहित कुल लगभग 63 हजार रुपये का सामान जप्त किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 8 मई 2026 को थाना खैरागढ़, थाना छुईखदान एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।पहली कार्रवाई ग्राम बैहाटोला में की गई, जहां आरोपी प्रकाश राजपूत (40 वर्ष) को उसके किराना दुकान से अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 137 पौवा शोले प्लेन देशी शराब, जिसकी मात्रा 24.160 लीटर और कीमत लगभग 10,960 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। साथ ही बिक्री की नगदी रकम 1,270 रुपये भी जप्त किए गए।

आरोपी के खिलाफ थाना खैरागढ़ में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।दूसरी कार्रवाई में ग्राम बैहाटोला निवासी आरोपी चन्द्रकुमार वर्मा (31 वर्ष) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 127 पौवा देशी शराब और 24 पौवा गोवा स्पेशल व्हिस्की सहित कुल 27.180 लीटर शराब बरामद की। साथ ही 720 रुपये नगद भी जप्त किए गए। आरोपी के खिलाफ थाना खैरागढ़ में अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।तीसरी कार्रवाई थाना छुईखदान क्षेत्र के आमगांव रोड स्थित पवन चंद्राकर के फार्म हाउस के सामने की गई।

यहां पुलिस ने बाबूलाल जंघेल (70 वर्ष) निवासी विचारपुर और हुकुम जंघेल (40 वर्ष) निवासी कोटरा को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी शराब, अंग्रेजी व्हिस्की तथा स्पलेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 NA 1108 जप्त की गई। कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 39 हजार रुपये आंकी गई है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसे सामाजिक अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।