
खैरागढ – सोमवार को मंड़ीपखोल गुफा देखने पहुंचे सैलानियों पर मधुमक्खियों ने धावा बोल दिया।मधुमक्खियों द्वारा अचानक किए हमले से गुफा के समीप मार्ग पर कोहराम मच गया। बंद वाहन में सवार लोग जैसे-तैसे अपने को सुरक्षित कर लिया, परन्तु दो पहिया वाहन तथा खुले वाहन में जा रहे पर्यटकों को मधुमक्खियों ने बुरी तरह से घायल कर दिया। अफरा-तफरी के बीच दो पहिया वाहन सवार लोग वाहन
छोड़कर इधर-उधर भागकर अपने को बचाया। हादसे में मधुमक्खियों ने करीब दो दर्जन लोगों को शिकार बनाया। जिसमें चार-पांच पर्यटक बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को पैलीमेटा स्वास्थ केन्द्र व नर्मदा में उपचार कराया। इस घटना को लेकर ठाकुरटोला के राजपरिवार एवं ग्रामीणों का कहना है कि मंड़ीपखोल एक धार्मिक स्थल है, जहां नशाखोरी, मांस, मदिरा का सेवन करना पूर्णतः वर्जित है, पर कुछ लोगों की लापरवाही से हादसा घटित हुआ है।
लोगों ने दिखाया हौसला
साल में एक बार खुलने वाले रहस्यमय गुफा को देखने हजारों की संख्या में सैलानी पहुंचे। वहीं बच्चे, युवतियां और दिव्यांग भी पीछे नहीं रहे। जंगल के उबड़- खाबड़ रास्तों से होकर गुफा का अद्भुत नजारा देखा। अपना अनुभव साझा करते किसी ने इसे प्रकृति का अद्भुत और सुंदर नजारा बताया, तो किसी ने मार्ग और गुफा का रोमांचक सफर का बखान किया।









































