
राजनांदगांव: गठुला पुल के पास गांजा बेचने ग्राहक तलाश रहा आदतन अपराधी गिरफ्तार, चिखली पुलिस की कार्रवाई, 1.913 किलो गांजा जब्त; आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज
राजनांदगांव। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी चिखली पुलिस ने गांजा बिक्री करने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.913 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है, बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को सूचना मिली कि गठुला पुल आरएमसी फैक्ट्री रोड के पास एक युवक गांजा बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर चिखली पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी कौशलेन्द्र साहू उर्फ कास्तु (22) को पकड़ा। आरोपी शंकरपुर तालाब पार वार्ड नंबर 7, चौकी चिखली का निवासी है तथा उसका स्थायी पता बोरसी, थाना पदमनाभपुर, जिला दुर्ग बताया गया है।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद स्लेटी रंग के बैग से 1.913 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।
आरोपी पर पहले से कई गंभीर मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। डोंगरगढ़ थाना में उसके खिलाफ हत्या एवं हत्या के प्रयास सहित धाराओं में मामला दर्ज है। वहीं कोतवाली और चौकी चिखली में भी मारपीट, बीएनएस की धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने बताया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध गांजा, शराब बिक्री और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, सहायक उप निरीक्षक शत्रुहन टंडन सहित चौकी चिखली के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











































