back to top

राजनांदगांव : मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, 7 बाइक बरामद…

राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद में चोरी की वारदातों का खुलासा, फर्जी आरसी और नंबर प्लेट भी मिली…

राजनांदगांव। साइबर सेल और बसंतपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 7 मोटरसाइकिलें, दो फर्जी आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। चोरी की बाइक खरीदने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शिकारीमहका निवासी जयकुमार सिन्हा ने 6 सितंबर को अपनी HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 W 7699 साइंस कॉलेज स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम के गेट नंबर-2 के पास खड़ी की थी। अज्ञात चोर इसे लेकर फरार हो गया था। मामले में बसंतपुर थाने में अपराध क्रमांक 432/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद साइबर सेल और बसंतपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने देवाशीष गजेन्द्र (30) को 3 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात स्वीकार करने के साथ राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद जिले में अन्य बाइक चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता बताई।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में सामने आया कि चोरी की तीन मोटरसाइकिलें शेख अमीन (33), निवासी तिफरा, बिलासपुर को बेचने की बात सामने आई। पुलिस ने शेख अमीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल बरामद कीं। वहीं देवाशीष के कब्जे से चार मोटरसाइकिल, दो फर्जी आरसी और एक फर्जी नंबर प्लेट जब्त की गई।

इन स्थानों से चोरी हुई थीं बाइक

बरामद मोटरसाइकिलों में साइंस कॉलेज, गौरव पथ, नया बस स्टैंड और कलेक्टोरेट परिसर राजनांदगांव से चोरी की गई बाइक शामिल हैं। इसके अलावा अर्जुन्दा, बालोद तथा सिविक सेंटर भिलाई नगर से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। एक मोटरसाइकिल OLX के माध्यम से खरीदी गई होना बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में देवाशीष गजेन्द्र पिता हेमंत कुमार गजेन्द्र, निवासी परसतरई, थाना अर्जुन्दा, जिला बालोद और शेख अमीन पिता गुलाम मोहम्मद, निवासी तिफरा देवनगर, थाना सकरी, जिला बिलासपुर शामिल हैं। दोनों को 4 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संभावित आरोपियों और चोरी की संपत्ति के संबंध में जांच जारी है।

Advertisements

You cannot copy content of this page