back to top

चक्रवाती तूफान ‘अर्बन’ के प्रभाव की आशंका, राजनांदगांव जिले में 28 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश…

जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश, विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया निर्णय

राजनांदगांव। बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान ‘अर्बन’ के प्रभाव और आगामी दिनों में चक्रवाती तूफान एवं अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए राजनांदगांव जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 28 अक्टूबर, बुधवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा 27 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने में होने वाली संभावित कठिनाइयों तथा उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 28 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अनुसार, मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के आधार पर खराब मौसम की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। आदेश कलेक्टर की अनुमति से जारी किया गया है। इसकी सूचना संबंधित विभागीय अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और सभी विद्यालयों के प्राचार्यों एवं प्रधानपाठकों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।