
लालबाग पुलिस की कार्रवाई, 11,640 रुपये की शराब बरामद
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना लालबाग पुलिस ने ग्राम कोटरासरार में एक जूता-चप्पल की दुकान पर छापेमारी कर 145 पौवा देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोटरासरार निवासी पुरुषोत्तम साहू उर्फ परसू (42 वर्ष) अपनी जूता-चप्पल की दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर लालबाग पुलिस की टीम ने गवाहों की मौजूदगी में दुकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस ने 18 पौवा शेरा देशी प्लेन, 99 पौवा शोले देशी प्लेन, 26 पौवा सुपर, 36 पौवा देशी प्लेन और 2 पौवा शेरा मसाला शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल कीमत 11,640 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने कुल 145 पौवा शराब जब्त कर आरोपी पुरुषोत्तम साहू उर्फ परसू के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े, प्रशिक्षु उप निरीक्षक कन्हैया लाल, प्रधान आरक्षक अनिल नेताम, लोकेश गजभिये तथा आरक्षक तामेश्वर वर्मा, कमल किशोर यादव और संतराम हठिले की भूमिका सराहनीय रही।










































