back to top

जयपुर में मृणाल बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी, विभाग ने 14 वर्षों में पहली बार क्वालीफाई कर रचा इतिहास…

जयपुर, राजस्थान – पश्चिमी क्षेत्रीय भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग हॉकी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 1 से 4 मार्च तक महालेखाकार कार्यालय, जयपुर द्वारा सवाई मानसिंह स्टेडियम में आयोजित की गई।

Advertisements

प्रतियोगिता में महालेखाकार महाराष्ट्र (नागपुर), महालेखाकार मध्यप्रदेश (ग्वालियर), महालेखाकार छत्तीसगढ़ (रायपुर) और महालेखाकार राजस्थान (जयपुर) की टीमें शामिल हुईं। छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन के बल पर मध्यप्रदेश को 6-2 और राजस्थान को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और 14 वर्षों में पहली बार अखिल भारतीय भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा विभाग इंटर-जोन हॉकी प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।

फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र की टीम से 2-1 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने प्रतियोगिता में उपविजेता बनकर अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई।

अब, मृणाल चौबे के नेतृत्व में महालेखाकार कार्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) की टीम 22 से 26 मार्च तक कोलकाता, पश्चिम बंगाल में आयोजित अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेगी।

मृणाल चौबे का उत्कृष्ट खेल करियर
मृणाल चौबे, जो 10 वर्षों तक भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, देश के लिए कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें गुंडाधुर पुरस्कार, शहीद राजीव पाण्डेय सम्मान और शहीद कौशल यादव सम्मान से सम्मानित किया है। साथ ही, वे छत्तीसगढ़ के उत्कृष्ट खिलाड़ी भी घोषित हो चुके हैं।

वर्तमान में मृणाल चौबे, महालेखाकार कार्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) में राजपत्रित अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ हॉकी में हर्ष, शुभकामनाओं का तांता
मृणाल चौबे और छत्तीसगढ़ टीम की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष शिवनारायण धकेता सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और आगामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

Advertisements

You cannot copy content of this page