back to top

दिव्यांगजनों के हुनर को मिला नया आयाम, ‘प्रोजेक्ट सम्बल’ से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम…

मोहला। समाज कल्याण विभाग, जिला मोहला-मानपुर द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट सम्बल’ के अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत टोहे में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत टोहे के आश्रित ग्राम घोटिया, ग्राम पंचायत कहगांव तथा ग्राम पंचायत चौकी के लगभग 50 सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों को कॉस्मेटिक उत्पाद निर्माण, महुआ से खाद्य सामग्री तैयार करने तथा उत्पादों की पैकेजिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।


प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक हितेश्वरी निषाद ने प्रतिभागियों को बॉडी लोशन, फेस वॉश एवं बॉडी वॉश जैसे दैनिक उपयोग के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, प्रशिक्षक मोनिका निषाद ने स्थानीय स्तर पर उपलब्ध महुआ से अचार एवं लड्डू बनाने के साथ आलू पापड़ तैयार करने का प्रशिक्षण दिया। इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को उत्पादों की आकर्षक एवं व्यवस्थित पैकेजिंग की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि वे अपने उत्पादों को बेहतर ढंग से प्रस्तुत कर भविष्य में स्वरोजगार एवं लघु उद्यम की दिशा में आगे बढ़ सकें।


प्रोजेक्ट सम्बल का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा, कार्यक्षमता एवं कौशल को प्रोत्साहित कर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार करने तथा आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस प्रकार की पहल दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाने, उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने और समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


कार्यक्रम का मार्गदर्शन समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री अखिलेश्वर तिवारी द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में मुख्य समन्वयक मौसमी बघेल, उप समन्वयक ज्ञान साहू, मीडिया प्रभारी संजना खिलारे तथा सहायक अमित देशमुख का योगदान रहा। ‘प्रोजेक्ट सम्बल’ के माध्यम से दिव्यांगजनों को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करने की यह पहल कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Advertisements

You cannot copy content of this page