
राजनांदगांव। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगाकर कर्नाटक ले जाने वाले आरोपी को चिचोला पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस ने अपहृत बालिका को भी सकुशल बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पीड़िता के कथन के आधार पर आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी ने पुलिस चौकी चिचोला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को 26 मार्च 2026 को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं एसडीओपी केसरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में पुलिस चौकी चिचोला की टीम लगातार पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जानकारी मिली कि आरोपी बालिका को लेकर नागपुर से चिचोला आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चिचोला बस स्टैंड के पास घेराबंदी की और आरोपी झगेंद्र विश्वकर्मा (24 वर्ष), निवासी ग्राम कोहलाकसा को पकड़ लिया। उसके कब्जे से अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।
पीड़िता के बयान पर बढ़ाई गईं धाराएं
पुलिस के अनुसार, महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का कथन दर्ज कराया गया। इसमें बालिका ने बताया कि आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ बेलगांव, कर्नाटक ले गया था, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए।
पीड़िता के कथन एवं विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(m), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 जोड़ी हैं।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, बरामद नाबालिग बालिका को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।










































