
मोहला । आगामी धान खरीदी को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम की अध्यक्षता में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धान खरीदी की तैयारियों एवं उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्रीमती सलाम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी या असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुगम ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में एसडीएम मोहला सुश्री शुभांगी गुप्ता, एसडीएम मानपुर श्री डीआर ध्रुव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।










































