back to top

बेमेतरा : प्रसव के बाद नवजात लापता…

बेमेतरा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां घर में अकेली गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा हुई, जिसके बाद मदद के लिए पहुंची दो महिलाओं ने कथित तौर पर उसे दवाई पिलाकर बेहोश कर दिया और प्रसव कराया।

लेकिन जब महिला को होश आया तो उसके पास नवजात बच्चा मौजूद नहीं था। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और परिवार में मातम का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है कि घटना 3 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच है जिस वक्त गर्भवती महिला घर में बिल्कुल अकेली थी। अचानक प्रसव पीड़ा होने पर महिला की आवाज सुनकर दो महिलाएं उसके घर पहुंचीं। परिजनों के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने महिला को कोई दवाई पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।

इसी दौरान उसका प्रसव कराया गया । महिला को जब होश आया तो वह घर में अकेली थी और नवजात बच्चा वहां मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। महिला के पति उस समय बकरी चराने के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि सास-ससुर और देवर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गए थे ।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। नवजात आखिर कहां गया, प्रसव कराने पहुंची दोनों महिलाओं की भूमिका क्या है और महिला को कौन सी दवा पिलाई गई—इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।


फिलहाल नवजात के लापता होने की घटना को लेकर गांव में डर और दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page