back to top

राजनांदगांव: समाज कल्याण विभाग की उप संचालक वैशाली मरडवार बस्तर में सम्मानित…

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के हाथों मिला सेवा सम्मान

राजनांदगांव 06 अक्टूबर । घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में आयरन लेडी के रूप में विगत चार वर्षों तक निरंतर दिव्यांगजनों, वृद्धजनों और नशा मुक्ति के लिए किए अनुकरणीय कार्य के लिए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कल जगदलपुर में समाज कल्याण विभाग राजनांदगांव की उपसंचालक श्रीमती वैशाली मरडवार को सम्मानित किया ।

बस्तर जिला प्रशासन समाज कल्याण विभाग, भगवान महावीर विकलांग समिति और भारतीय जैन संगठन छत्तीसगढ़ द्वारा बस्तर संभाग के दिव्यांग जनों के लिए कल विशाल उपकरण वितरण शिविर का आयोजन क्रीड़ा परिसर धरमपुरा जगदलपुर में किया गया था ।

शिविर में प्रथम दिवस एक हजार पांच सौ से अधिक संख्या में दिव्यांग जन विविध जीवन सहायक उपकरण पाने की अभिलाषा लिए शिविर मे पहुंचे थे ।

शिविर का शुभारंभ प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ । विशिष्ट अतिथि बस्तर के सांसद महेश कश्यप , चित्रकोट के विधायक विनायक गोयल, अध्यक्ष जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती दिनेश कश्यप थे ।


उल्लेखनीय है की भगवान महावीर विकलांग समिति जयपुर जैन संघटना बस्तर संभाग द्वारा आयोजित शिविर में वर्तमान में राजनांदगांव में पदस्थ उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार का उनके बस्तर संभाग में किए गए चुनौतीपूर्ण कार्य के लिए सम्मान किया गया ।

ज्ञात हो कि श्रीमती मरडवार का जगदलपुर और नारायणपुर में पिछले लगभग चार वर्षों का कार्यकाल काफी चुनौतीभरा लेकिन उपलब्धियों से परिपूर्ण था ।

उनके साहसिक कार्यों का आकलन कर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी की मंशा अनुरूप बस्तर क्षेत्र में शिविर की सफलता के लिए श्रीमती मरडवार की विशेष सेवाएँ ली जा रही है ।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती वैशाली मरडवार द्वारा नक्सलगढ़ जैसे क्षेत्रों में बेखौफ सघन दौरा कर दिव्यांग व वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित शासकीय योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने तथा परिणाम मूलक सेवा कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी किरण देव सिंह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी वर्चुअल रूप से संबोधित किया । राजनांदगांव के उप संचालक को बस्तर में सम्मानित किए जाने पर, बस्तर संभाग के दिव्यांग जनों के साथ – साथ राजनांदगांव के दिव्यांग जनों ने भी शुभकामनाएं प्रेषित की।


इस अवसर पर आयुक्त बस्तर संभाग डोमन सिंह, आई जी बद्री नारायण मीना, बस्तर कलेक्टर आकाश शिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, सी ई ओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना और अभिलाषा राजनांदगांव के प्रशासक दिलीप श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज सेवी, प्रशासनिक अधिकारी सहित समाज कल्याण विभाग बस्तर संभाग के समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे ।

Advertisements

You cannot copy content of this page