back to top

भिलाई: जामुल के सूने मकान से लाखों की चोरी, मैहर दर्शन करने गए परिवार के घर से उड़े सोने के जेवर…

भिलाई । जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर एकता चौक क्षेत्र के एक सूने मकान से अज्ञात चोरों ने करीब चार लाख 90 हजार रुपये के सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय मकान मालिक सहपरिवार मैहर दर्शन के लिए गए थे। वापिस आने पर चोरी होने की जानकारी मिली। बीती शाम को घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisements

जामुल पुलिस के मुताबिक पीड़ित आदित्य विक्रम केशरवानी (26 वर्ष) पिता गणेश चंद्र केशरवानी एकता चौक कैलाश नगर में अपने माता- पिता और बहन के साथ रहता है तथा ट्रेडिंग का व्यवसाय करता है। 16 जनवरी की रात करीब 7:45 बजे पूरा परिवार घर में ताला बंद कर मैहर दर्शन के लिए गए था। 18 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे जब परिवार मैहर से वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का ताला यथावत बंद मिला। गेट खोलकर अंदर जाने परघर की कुछ लाइटें जल रही थीं।

किचन का दरवाजा बंद था, लेकिन उसका लॉक खुला हुआ मिला। घर की जांच करने पर अलमारी का लॉकर खुला पाया गया। लॉकर से दो नग सोने के हार, दो जोड़ी सोने के कान के सेट, तीन जोड़ी सोने के कंगन, एक नग सोने की कान की नथनी तथा एक सोने की मंगलसूत्र का पेंडल, सभी पुराने उपयोग में आने वाले जेवरात, जिनकी कुलकीमत लगभग चार लाख 90 हजार रुपये चोरी हो गई ।

पीड़ित के अनुसार अज्ञात चोरों ने 16 जनवरी की रात 7:45 बजे से 18 जनवरी की सुबह 11 बजे के बीच घर की बाउंड्री कूदकर भीतर प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 एवं 331 (4) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है और संदिग्धों की तलाश कर रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page