
आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम और यातायात शाखा का किया उद्घाटन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित
मोहला। पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय यादव ने शुक्रवार, 20 नवंबर को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था, कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, कार्यालयीन अभिलेखों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वार्षिक निरीक्षण की शुरुआत रक्षित केंद्र मोहला स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित परेड से हुई। पुलिस जवानों ने परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक भुवनेश्वर कश्यप के नेतृत्व में आईजी को सलामी दी। इस दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके बाद पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस दरबार में आईजी अजय यादव ने अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याएं, सुझाव और मांगें सुनीं। पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने नवगठित जिले में सीमित संसाधनों के बावजूद पुलिस द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
साथ ही शासकीय आवासों की कमी से कर्मचारियों को होने वाली परेशानियों से भी अवगत कराया। आईजी ने पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक निराकरण का आश्वासन दिया।
पुलिस दरबार को संबोधित करते हुए आईजी ने कहा कि आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
पुलिसकर्मियों को अपने आचरण और व्यवहार में संवेदनशीलता, सजगता एवं कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता न्याय और सुरक्षा के लिए पुलिस पर भरोसा करती है। इस विश्वास को कायम रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान आईजी ने रक्षित केंद्र मोहला में नवनिर्मित आधुनिक पुलिस जिम्नेजियम का उद्घाटन किया। इससे पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
वहीं थाना मोहला परिसर में नवनिर्मित यातायात शाखा का भी उद्घाटन किया गया, जिससे जिले में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और अभिलेखों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया।
थाना मोहला के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, शासकीय संपत्तियों के रखरखाव, अपराधों की जांच और विवेचना सहित अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज, एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, डीएसपी नेहा पवार, एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नोहरलाल मंडावी सहित जिले के विभिन्न थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










































