back to top

मोहला : कच्चे मकान की दीवार ढहने से चपेट में आया ग्रामीण की मौत…

मोहला / मानपुर । जिले के मानपुर ब्लॉक अंतर्गत औंधी थाना क्षेत्र के ग्राम राजकट्टा में लगातार हो रही बारिश ने एक आदिवासी परिवार पर कहर बरपाया है। दरअसल बारिश के चलते कच्चे मकान की दीवार ढह गई जिसकी चपेट में आकर यहां एक आदिवासी ग्रामीण की मौत हो गई है। औंधी थाना प्रभारी गुणेश निषाद ने उक्त घटना की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि 29 जुलाई की सुबह अधेड़ उम्र का आदिवासी ग्रामीण झाडू राम भुआर्य अपने राजकट्टा गांव स्थित घर में खेत जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दरमियान उक्त कच्चे घर की एक दीवार ढह गई। दीवार के नीचे अधेड़ ग्रामीण झाडू राम भुआर्य दब गया।

जिसे दीवार के मलबे से बमुश्किल बाहर निकाल कर औंधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार उपरांत उसे राजनांदगांव मेडिकल कालेज रेफर किया गया। गंभीर हालत में ग्रामीण को राजनांदगांव ले जाया जा रहा था इसी दरमियान मानपुर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में दम तोड़ दिया।

औंधी थाना प्रभारी गुणेश निषाद ने उक्ताशय के संबंध में बताया कि परिजनों की सूचना उपरांत थाने में मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया गया है। बहरहाल मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Advertisements

You cannot copy content of this page