back to top

मोहला: नक्सल पीड़ित परिवारों के लंबित प्रकरणों का त्वरित करें निराकरण – कलेक्टर प्रजापति…

मोहला 12 जून 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के सभा कक्ष में गतदिवस जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नक्सल पीड़ित परिवारों को प्रदान की जाने वाली अनुकंपा नियुक्ति, केंद्रीय सहायता राशि तथा अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।

Advertisements

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देव चरण पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्री ताजेश्वर दीवान,द्वितीय कमान आईटीबीपी श्री शरत कुमार त्रिपाठी सहित जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नक्सल पीड़ित परिवारों से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में सहायता राशि स्वीकृत हो चुकी है, उनका भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाए। वहीं अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े लंबित मामलों में आवश्यक कार्रवाई तेजी से पूर्ण कर पात्र आश्रितों को लाभ दिलाया जाए।

बैठक में नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के आश्रित सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने अपने लंबित प्रकरणों एवं समस्याओं से समिति को अवगत कराया। कलेक्टर ने सभी मामलों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने कहा कि नक्सल पीड़ित परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें तथा लंबित मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रकरणों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

Advertisements

You cannot copy content of this page