
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी क्षेत्र के ग्राम छछानपहरी में डांस प्रतियोगिता के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। प्रेम प्रसंग को लेकर दो गांवों के युवाओं के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश इस वारदात का कारण बनी। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम छछानपहरी में 22 अक्टूबर की रात डांस प्रतियोगिता चल रही थी, इसी दौरान ग्राम ब्राम्हण लंझिया और छछानपहरी के युवकों के बीच झगड़ा हो गया। इसी विवाद में साहिल साहू (18 वर्ष) निवासी छछानपहरी की आरोपियों ने लाठी-डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद साहिल को अंबागढ़ चौकी अस्पताल लाया गया, जहां से उसे राजनांदगांव रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजन मुरारी साहू की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 174/2025 धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5), 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील साहू निवासी ग्राम ब्राम्हण लंझिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर साहिल साहू पर बांस के डंडे से हमला करने की बात कबूल की। पूछताछ के बाद पुलिस ने कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 9 वयस्क और 1 विधिक रूप से संघर्षरत बालक शामिल है। आरोपियों के पास से 2 मोटरसाइकिल और 2 बांस के डंडे जब्त किए गए हैं। सभी वयस्क आरोपियों को न्यायालय अंबागढ़ चौकी में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।









































