back to top

मोहला: सायबर जागृति अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारी और डायल-112 के तीन वाहन चालक सम्मानित…

एसएसपी वाय.पी. सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया पुलिसकर्मियों का उत्साह, आपातकाल में घायलों की मदद कर पेश की मानवता की मिसाल

मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। जिले में सायबर अपराधों के प्रति आम जनता को जागरूक करने और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता से लोगों की मदद करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। 23 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय मोहला में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी थाना प्रभारियों और डायल-112 के तीन वाहन चालकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

सायबर जागृति अभियान के तहत लोगों को सायबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति जागरूक करने में सराहनीय भूमिका निभाने पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि वर्तमान समय में सायबर अपराध बड़ी चुनौती है। नागरिकों को जागरूक कर ऐसे अपराधों से बचाया जा सकता है।

आपातकाल में तत्परता दिखाकर बचाई जान

बैठक में डायल-112 के वाहन चालक युगांधर पटेल, कुशपाल मंडावी और मिथलेश मंडावी को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। चालक युगांधर पटेल ने ग्राम कंगालूटोला में हमले में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं, चालक कुशपाल मंडावी ने ग्राम फड़की में जहर सेवन करने वाले व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद की। चालक मिथलेश मंडावी ने केसरीटोला के पास मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हुए व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया।

एसएसपी वाय.पी. सिंह ने कहा कि डायल-112 केवल आपातकालीन पुलिस सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद कर उनकी जान बचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। वाहन चालकों की तत्परता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायी है।

इस दौरान एसडीओपी मानपुर विनोद कुमार मिंज, डीएसपी मुख्यालय नेहा पवार, एसडीओपी अंबागढ़ चौकी नोहर मंडावी, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप सहित जिले के सभी थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु उप निरीक्षक उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page