
छोटी-छोटी बातों पर विवाद से परेशान होने की बात कहकर आरोपी ने कबूला जुर्म, न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद जेल दाखिल
राजनांदगांव। शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मयूर मेश्राम उर्फ रिंकु (29) पर अपनी पत्नी नीलम को मोहारा नदी के छोटे पुल के पास पानी में धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। आरोपी को 22 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। न्यायालय में पेशी के बाद जेल वारंट प्राप्त होने पर उसे जिला जेल राजनांदगांव दाखिल किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की शिकायत मृतका के भाई ने की है। शिकायत में बताया गया कि आरोपी उसके घर पहुंचा और पत्नी के साथ छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होने की बात कही। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7 बजे वह नीलम को घूमने के बहाने मोहारा नदी के छोटे पुल के पास ले गया था। वहां बातचीत के दौरान दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि नीलम को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद उसने उसे नदी में धक्का दे दिया, जिससे वह पानी में डूब गई और उसकी मौत हो गई।
शिकायत के आधार पर बसंतपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 501/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक एसपी तिवारी के दिशा-निर्देश में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 22 अक्टूबर को घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मयूर मेश्राम उर्फ रिंकु, पिता स्वर्गीय कपूर मेश्राम, निवासी स्टेशन पारा, चौकी चिखली, थाना कोतवाली, राजनांदगांव को न्यायालय में पेश किया गया। जेल वारंट मिलने के बाद उसे जिला जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका: इस कार्रवाई में निरीक्षक कौशलेश देवांगन, उपनिरीक्षक इब्राहिम खान, सहायक उपनिरीक्षक जीवराज रावटे, प्रधान आरक्षक दीपक जायसवाल, आरक्षक फागु साहू, दिलेश्वर गोड़, रूपेन्द्र वर्मा, राजेश बंदेश्वर सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।











































