back to top

राजनांदगांव:ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों की बिक्री राशि में 11 लाख का गबन, शोरूम मैनेजर गिरफ्तार…

राजनांदगांव। ट्रैक्टर शोरूम में मैनेजर के पद पर रहते हुए ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरणों की बिक्री से प्राप्त राशि फर्म में जमा नहीं करने और लाखों रुपये के गबन के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी कुमुद उपाध्याय, उम्र 52 वर्ष, निवासी इंदिरा नगर वृंदावन कॉलोनी, राजनांदगांव में अरुण एग्रीकल्चर में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि 1 अप्रैल 2025 से 7 अप्रैल 2026 के बीच उसने फर्म के ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण किसानों को कुल 14 लाख 61 हजार 393 रुपये में बेचे, लेकिन बिक्री की पूरी राशि फर्म में जमा नहीं की।

शिकायत के बाद पुलिस जांच में आरोपी से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने राशि के गबन की बात स्वीकार करते हुए 3 लाख 3 हजार 500 रुपये वापस किए, जबकि 11 लाख 7 हजार 893 रुपये फर्म में जमा नहीं करने की बात सामने आई।

मामले में प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 443/2026 के तहत धारा 316(4), 336(3) एवं 344(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपी को थाना तलब कर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित खाता-बही भी जब्त की। पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर 19 अगस्त 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र शाह, उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे, प्रधान आरक्षक जी. सिरिल कुमार एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page