
राजनांदगांव, 24 जून 2026। अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड में मकान दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को बसंतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी स्वयं को नगर निगम राजनांदगांव का कर्मचारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी योगेश्वर पाण्डे उर्फ सोनू पाण्डे (40 वर्ष) निवासी ग्राम मोहतरा, थाना लोरमी, जिला मुंगेली तथा वर्तमान में इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी, रायपुर का रहने वाला है।
मामले में प्रार्थी ईशनिवय सिंह परिहार ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2024 में वह अपने मित्र के साथ अटल आवास एवं हाउसिंग बोर्ड योजना के तहत मकान संबंधी जानकारी लेने नगर निगम राजनांदगांव गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात योगेश्वर पाण्डे से हुई, जिसने खुद को नगर निगम का बाबू बताते हुए मकान दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अच्छी पहचान होने का दावा कर लोगों का विश्वास जीता। उसने निर्माणाधीन मकानों का निरीक्षण भी कराया और योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन देकर प्रार्थी सहित अन्य लोगों से कुल 8 लाख 17 हजार रुपये वसूल लिए। बाद में जब मकान नहीं मिला तो पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ।
शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस ने लगातार पतासाजी और तकनीकी जांच की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को रायपुर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।









































