back to top

राजनांदगांव : समझौते के बहाने बुलाकर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। आपसी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूर्व में हुए मारपीट के विवाद का बदला लेने के लिए सुनियोजित तरीके से पीड़ित को समझौता करने के बहाने बुलाया और पेंड्री मेडिकल कॉलेज के गेट के सामने उस पर चाकू, हाथ-मुक्के और लकड़ी के स्टूल से हमला कर दिया। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र के गोल बाजार स्थित गोल ऑफिस के पास पूर्व में यश भीमटे और ईश्वर जाटव के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इसी विवाद को लेकर आरोपियों ने बदला लेने की योजना बनाई। इसके तहत आरोपी आलोक झा ने प्रार्थी एवं आहत को पुराने विवाद में समझौता करने के बहाने पेंड्री मेडिकल कॉलेज बुलाया। वहां पहले से योजना बनाकर पहुंचे आरोपियों ने एकराय होकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ वार किए तथा हाथ-मुक्के और लकड़ी के स्टूल से भी हमला किया। इस हमले में आहत को गंभीर चोटें आईं।

घटना की रिपोर्ट पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 529/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश जांगड़े ने टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पूर्व विवाद का बदला लेने के उद्देश्य से समझौते के बहाने बुलाकर हमला करना स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में चंद्रशेखर यादव उर्फ पप्पू (28 वर्ष), निवासी गोल बाजार, आलोक झा (22 वर्ष), निवासी नंदलाल हार्डवेयर गोल बाजार तथा चिराग यादव (19 वर्ष), निवासी गोल बाजार, सभी थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र राजनांदगांव शामिल हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है। वहीं, प्रकरण में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश जांगड़े, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, सहायक उप निरीक्षक शोभाराम बेरवंशी, प्रधान आरक्षक रोहित पड़ौती, आरक्षक कमल किशोर यादव एवं आरक्षक राकेश धुर्वे की सराहनीय भूमिका रही।