
राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से 86 पौवा गोवा शराब जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में असामाजिक तत्वों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी दौरान 20 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कैलाश नगर पावर हाउस निवासी कृष्णा रजक (27 वर्ष) के घर दबिश दी। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से बिक्री के लिए रखे गए 86 पौवा गोवा शराब, कुल 12.040 बल्क लीटर कीमत लगभग 12 हजार 340 रुपए की शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कृष्णा रजक थाना कोतवाली का आदतन अपराधी एवं सूचीबद्ध गुंडा बदमाश है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, अवैध शराब बिक्री, जुआ और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह, साइबर प्रभारी निरीक्षक विनय पामर, उप निरीक्षक इसराफिल खान, प्रधान आरक्षक संदीप चौहान, आरक्षक अविरल भगत, अश्वनी ठाकुर एवं महिला आरक्षक वर्षा ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










































