
राजनांदगांव। शहर में अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए बसंतपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने ग्राम मोहड़ में अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 29 पौवा देशी शराब, कुल 5.22 बल्क लीटर, जिसकी कीमत 2320 रुपये बताई गई है, जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री करने वाले कोचियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार एवं बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 27 नवंबर की रात ग्राम मोहड़ में दबिश दी।
इस दौरान पुलिस ने डोमन निषाद (26 वर्ष), निवासी मोहड़ और गौरव पाण्डे (26 वर्ष), निवासी सिंगदई को अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 29 पौवा देशी शराब, कुल 5.22 बल्क लीटर, कीमत 2320 रुपये बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 563/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल वारंट प्राप्त होने पर दोनों को जिला जेल राजनांदगांव दाखिल कराया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रधान आरक्षक महेंद्र साहू, आरक्षक आशीष मानिकपुरी, राजेश बंदेश्वर, दुष्यंत कठार, रविशंकर झा सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।










































