back to top

राजनांदगांव : आदतन गुंडा बदमाश पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, गिरफ्तार कर भेजा गया जेल…

राजनांदगांव। शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आदतन गुंडा बदमाश विमल उर्फ बहादूर (40 वर्ष) निवासी अटल आवास, बैगापारा लखोली के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Advertisements


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 जून को विमल उर्फ बहादूर के खिलाफ मारपीट की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले में पूछताछ के लिए उसे 10 जून को थाना बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान वह थाना परिसर के सामने शिकायतकर्ताओं को धमकाने लगा और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देख लेने की धमकी देने लगा।


पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद आरोपी का आक्रामक व्यवहार जारी रहा और वह मारपीट पर उतारू हो गया। इससे थाना परिसर में शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। बाद में उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।


पुलिस के अनुसार विमल उर्फ बहादूर थाना कोतवाली का लिस्टेड गुंडा बदमाश है, जिसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, मारपीट, धमकी और अन्य अपराधों से संबंधित 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक नंदनी ठाकुर एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page