back to top

राजनांदगांव: आम लोगों से विवाद और उत्पात पड़ा भारी, दो असामाजिक तत्वों पर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई…

राजनांदगांव। शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली पुलिस ने दो असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

Advertisements

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 26 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि शंकरपुर उड़िया मोहल्ला निवासी किशन सोनी (40 वर्ष) गंज चौक क्षेत्र में तथा राहुल नगर लखोली निवासी भीमा मंडावी (28 वर्ष) आम लोगों से विवाद और झगड़ा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के अनुसार दोनों उत्तेजित हो गए और समझाइश के बावजूद नहीं माने, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई।

इसके बाद पुलिस ने दोनों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। दोनों को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस ने बताया कि शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, उप निरीक्षक रतन सिंह नेताम तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisements

You cannot copy content of this page