back to top

राजनांदगांव: ऑल इंडिया फुटबाल स्पर्धा का हुआ रंगारंग शुभारंभ…

सांसद खेल महोत्सव का सांसद ने किया शुभारंभ
डोंगरगांव । नगर के जनसहयोग मैदान में भारत सरकार की फिट युवा फॉर विकसित भारत ध्येय वाक्य के साथ आयोजित ऑल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता का आज रंगारंग शुभारंभ हुआ। सांसद खेल महोत्सव अंतर्गत आयोजित उद्घाटन समारोह सांसद संतोष पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। एक लम्बे अरसे के बाद फुटबाल की नर्सरी के नाम से प्रसिद्ध डोंगरगांव में आयोजित प्रतियोगिता के पहले ही दिन दर्शकों व खेलप्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ी। आज का उद्घाटन मैच मैसूर क्लब हैदराबाद तथा महाराष्ट्र इलेवन अकोला के बीच खेला गया, जो अंत तक बराबरी में समाप्त हुआ।

Advertisements


आईफा से मान्यता प्राप्त दक्षिण कौशल फुटबाल संघ के तत्वावधान् में आयोजित उद्घाटन समारोह के दौरान पारंपरिक खेल भंवरा, गिल्ली डंडा, गेंड़ी आदि का प्रदर्शन भी किया गया। पश्चात् अतिथियों की उपस्थिति में ट्राफी अनावरण, दीप प्रज्वलन, राज्य गीत आदि हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि सांसद संतोष पाण्डेय ने बताया कि शुरूआत में उनकी मंशा फुटबाल का आयोजन राजनांदगांव में किये जाने की थी। लेकिन नगर के कुछ उत्साही युवाओं ने उनके पास अपना प्रस्ताव रखते हुए कहा कि चूंकि डोंगरगांव को फुटबाल की नर्सरी कहा जाता है, ऐसे में डोंगरगांव में ही इस स्पर्धा को आयोजित किया जाना उचित और खेल भावना को बढाऩे के लिए उचित होगा।

यहां के खिलाडिय़ों, खासकर दक्षिण कौशल फुटबाल संघ के अध्यक्ष सागर वर्मा की पहल पर यह प्रतियोगिता नगर में आयोजित की रही है और उनके पूरे टीम के मेहनत देखकर यह निर्णय उचित भी लग रहा है।
सांसद ने कहा कि जब एक एक अक्षर जुड़ते हैं, तो मंत्र बनता है। जानकार आदमी अलग अलग प्रकार की बूटी इकट्ठा कर दवाई बनाता है। उसी प्रकार नगर के एक एक व्यक्ति को शामिल करके जनसहयोग मैदान में आयोजित प्रतियोगिता को सफल बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पूरे देश के समस्त संसदीय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा से आयोजित किया जा रहा है। उनका उद्देश्य देश के प्रत्येक व्यक्ति को स्वस्थ और फिट रखना है, यह खेल से ही संभव है।

सांसद ने नगर पंचायत से नगर पालिका बनने पर भी समस्त नगरवासियों को अपनी ओर से बधाई प्रेषित की। इससे पहले दक्षिण कौशल फुटबाल संघ के अध्यक्ष एवं इस प्रतियोगिता के सूत्रधार सागर वर्मा ने स्वागत उद्बोधन देते हुए आयोजन के संबंध में विभिन्न जानकारी दी। उद्घाटन समारोह में प्रमुख रूप से पूर्व जिपं अध्यक्ष एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा, पूर्व जिपं अध्यक्ष दिनेश गांधी, नपं अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी, पूर्व नपं अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण गुप्ता, जिपं सभापति जागृति यदु, डिकेश साहू, रामकुमार गुप्ता, गुलशन हिरवानी, अजय गुप्ता, दिलीप साहू, सहित जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सागर वर्मा, नवनीत अहीर, इरफान कुरैशी, आशुतोष गुप्ता, मेघप्रताप साहू, दिव्यांश जैन, हेमंत चोपड़ा, सतीश पाण्डे, हर्ष ठाकुर सहित अन्य उपस्थित थे।


हैदराबाद तथा अकोला बराबरी पर रहे
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच आज मैसूर क्लब हैदराबाद तथा महाराष्ट्र इलेवन अकोला के बीच खेला गया। यह मैच शुरू से ही काफी रोमांचक रहा। खेल के दौरान ही दो खिलाड़ी आपस में टकराकर गंभीर रूप से चोटिल हो गये। उसके बाद भी दोनों टीमों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। पहले हॉफ तथा दूसरे हॉफ में भी दोनों टीमों ने अच्छे मूवमेंट बनाते हुए एक दूसरे के गोल पोस्ट पर हमले किये, परन्तु दोनों ही टीम के खिलाड़ी गोल करने में कामयाब नहीं हो सके और यह मैच बराबरी पर छूटा। लीग आधार पर आयोजित प्रतियोगिता के कारण ट्राइब्रेकर नहीं लिया गया। आयोजन समिति के अनुसार सभी टीमों को एक दूसरे के साथ तीन – तीन मैच खेलना अनिवार्य है।


आज के मैच
नगर में आयोजित ऑल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन कल दो मैच खेले जायेंगे। आयोजन समिति के नवनीत अहीर ने बताया कि गुरूवार को पहला मैच बेंगलरू वर्सेस जबलपुर तथा दूसरा मैच अकोला वर्सेस झारखंड के बीच होगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page