back to top

राजनांदगांव : कलेक्टर ने छुईखदान तहसील न्यायालय का किया निरीक्षण….

  • प्रकरणों का त्वरित निराकरण करते हुए कार्य करें : कलेक्टर

राजनांदगांव कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने आज विकासखंड छुईखदान के तहसील न्यायालय का निरीक्षण किया। गौरतलब है कि कलेक्टर श्री सिन्हा छुईखदान विकासखंड के नक्सल प्रभावित ग्राम साल्हेवारा में रात्रि विश्राम करेंगे और यहां विकास कार्यों का जायजा ले रहे है। कलेक्टर ने न्यायालय में राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए कहा कि नामांतरण, बंटवारा तथा अन्य प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें।

नामांतरण के समय पक्षकारों को सूचित करें। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों को दिक्कत नहीं होनी चाहिए। प्रकरणों का त्वरित निराकरण करते हुए कार्य करें। तहसीलदार श्री प्रफुल्ल गुप्ता ने बताया कि सभी प्रकरण ऑनलाईन माध्यम से किए जा रहे है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कम्प्यूटर में ऑनलाईन प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने उप पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यों की जानकारी ली।


कलेक्टर श्री सिन्हा ने तहसील स्थित लोक सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केन्द्र में प्रतिदिन आने वाले आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न सेवाओं के लिए लगने वाले दर की सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, जिससे हितग्राहियों को सही जानकारी मिल सके। आय, जाति, निवास, विवाह अनुमति के अलावा अन्य राजस्व से संबंधित सेवा प्रारंभ करें। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैठक के लिए बनाए गए मिटिंग हॉल का निरीक्षण कर सराहना की। उन्होंने कहा कि इसका उपयोग निर्वाचन तथा अन्य समय में किया जा सकेगा।

उन्होंने तहसील कार्यालय में शौचालय बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर एसडीएम छुईखदान श्रीमती निष्ठा पाण्डेय, तहसीलदार श्री प्रफुल्ल गुप्ता, सीईओ जनपद श्री प्रकाश तारम, नायब तहसीलदार सुश्री नेहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page