
राजनांदगांव। कलेक्टोरेट में नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगार से 2 लाख 60 हजार रूपये की ठगी का एक समाचार सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से वह पेन ड्राइव भी जप्त किया है, जिसमें पीड़ित और आरोपी के बीच लेनेदेन का ऑडियो मौजूद है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय पेश कर जेल भेज दिया है।
सुकुल दैहान पुलिस चौकी में पीड़ित रविचंद्र मंडले, निवासी ग्राम लिटिया ने 02 अप्रैल को शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी प्रकाश गजभिये पिता शंकर गजभिये, (33) निवासी वार्ड नं. 12, स्टेशनपारा, चिखली ने नौकरी लगवाने का लालच देकर उससे कुल 2,60,000/- रुपये की ठगी की है। रिपोर्ट पर आरोपी के विरुद्ध चौकी सुकुलदैहन में धारा 318(4) बीएनएस कायम कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी के द्वारा प्रार्थी के साथ बातचीत का ऑडियो भी पुलिस के द्वारा पेन ड्राइव में जब्त किया गया है, साथ ही बैंक स्टेटमेंट से भी लेन-देन की पुष्टि हुई है। सुकुलदैहन पुलिस द्वारा आरोपी प्रकाश गजभियेको गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया, जहाँ से आरोपी को जेल भेजा गया। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि उसके विरुद्ध थाना कोतवाली राजनंदगांव में धारा 507 भादंवि का मामला भी दर्ज है।









































