
खिलाड़ियों को हॉकी स्टिक प्रदाय किया गया
राजनांदगांव। विगत कई वर्षों से बसंतपुर स्थित बल्देव प्रसाद मिश्र हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान में संचालित हॉकी प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी, जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के सचिव शिवनारायण धकेता एवं उपाध्यक्ष भूषण साव की प्रमुख उपस्थिति में उन जूनियर खिलाड़ियों का सम्मान किया गया, जिन्होंने इस मैदान से प्रशिक्षण प्राप्त कर जूनियर भारतीय हॉकी टीम तथा कैंप में अपनी जगह बनाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि फिरोज़ अंसारी ने कहा कि हॉकी नर्सरी राजनंदगाँव के बसंतपुर का यह मैदान आज पूरे प्रदेश के लिए गौरव का केंद्र बन चुका है। यहां से निकलकर कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और कोच अनुराज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी सुविधा की मोहताज नहीं होती।
उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि लगातार मेहनत, समर्पण और अनुशासन के बल पर ही खिलाड़ी भारतीय टीम तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आने वाले समय में बसंतपुर से और भी खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला हॉकी संघ द्वारा इस ग्राउंड की आवश्यकताओं को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
वरिष्ठ हाकी खिलाड़ी तथा कोच भूषण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज सम्मानित जो खिलाड़ी इस मुकाम पर पहुंचे हैं, वे इसी ग्राउंड में प्रशिक्षण प्राप्त कर आगे बढ़े हैं। उन्होंने शुरूआती समय से ही मेहनत और लगन के साथ खेल को अपनाया है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि खेल के साथ-साथ पढ़ाई भी बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी खिलाड़ी अनुशासन और समर्पण के साथ शिक्षा एवं खेल दोनों पर ध्यान दें।जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी खिलाड़ियों को अनुशासित जीवन शैली के साथ खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की
एनआईएस हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव ने बताया कि विगत 10 वर्षों में इस हॉकी ग्राउंड से लगभग 7 खिलाड़ी हॉकी इंडिया कैंप तक पहुंचे हैं, वहीं 3 खिलाड़ियों ने सरकारी नौकरी भी प्राप्त की है। हॉकी इंडिया द्वारा आयोजित कोर टीम कैंप में भूमिक्षा साहू, आंचल साहू, अनीशा साहू, ओम यादव, संदीप ठाकुर, तरुण यादव और शीतल यादव भाग ले चुके हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में तरुण यादव एसईसीआर बिलासपुर, भूमिक्षा साहू आरसीएफ कपूरथला (पंजाब)तथा अनीशा साहू एनईआर रेलवे गोरखपुर(उत्तर प्रदेश)में में पदस्थ हैं।
कार्यक्रम के दौरान खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला हाकी संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर हेतु प्राप्त हॉकी स्टिक एवं बॉल का वितरण अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों को किया गया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से महेंद्र सिंह ठाकुर,अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी तथा कोच परमजीत सिंह योगेश द्विवेदी, सचिन खोबरागड़े, अभिनव मिश्रा,दीपक यादव, कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।










































