back to top

राजनांदगांव : कांग्रेस के जिला प्रभारी व विधायक भोलाराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने ली पत्रवार्ता…

राजनांदगांव। बिरनपुर हत्याकांड एवं साम्प्रदायिक हिंसा मामले में सीबीआई द्वारा विशेष अदालत में जार्चशीट पेश करने के बाद तस्वीर साफ हो गया है कि चुनावी लाभ लेने के लिए षडयंत्र रचा गया था। सत्ताधारी पार्टी के इस षडयंत्र को आम जनता तक पहुंचाने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आदेशानुसार राजनांदगांव प्रभारी खुज्जी विधायक भोलाराम साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू द्वारा प्रेसवार्ता लेकर यह बात की गई।

Advertisements


विधायक भोलाराम साहू ने प्रेसवार्ता में बताया कि बिरनपुर हत्याकांड हिंसा में सीबीआई ने चार्जशीट में घटना का विस्तृत विवरण दिया है जिसमें स्पष्ट हुआ है कि यह घटनाक्रम दो बच्चों के झगड़े से शुरू होकर दो परिवारों तक पहुंचा और बाद में यह दो समुदायों का झगड़ा बन गया। सीबीआई ने अपने जांच में पाया कि इस घटना में कोई राजनैतिक षडंयत्र नही था, यह एक मामूली झगड़ा था, जिसने खूनी रूप ले लिया।

बिरनपुर मामले में सीबीआई की चार्जशीट से साफ हो गया कि उस समय भाजपा ने तत्कालिन कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी पर जो आरोप लगाया था वह झूठा था। यह आरोप भाजपा की चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से की गई राजनैतिक साजिश थी। तत्कालिन भाजपा अध्यक्ष अरूण साव ने घटना के बाद वहां जाकर पूरे घटनाक्रम को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया और उसमें वे सफल भी रहे।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा ने एक समाज को कांग्रेस के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में भी पूरे प्रदेश में इस झगड़े को साम्प्रदायिक रंग देने का प्रयास किया। भाजपा ने मृतक भुनेश्वर के पिता ईश्वर साहू को टिकिट देकर सहानुभूति बटोरने की साजिश की।


शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा फर्जी वोट करके, हत्याकांड, दंगाफसाद कराके, जनता के जनमत को किनारे कर, साम्प्रदायिकता बढ़ा रही है। सत्ता की चाह रख इस मामूली विवाद को साम्प्रदायिक बनाने का प्रयास किया गया। सीबीआई की जांच यह भी साफ हो गया कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने जो कार्यवाही की, घटना के लिए जिम्मेदार मानकर जिन लोगों की गिरफ्तारियां की वह सही थी। भाजपा ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण का झूठा और मनगढ़त आरोप लगाया था तथा भाजपा नेताओं ने उस समय राजनैतिक लाभ लेने ध्रूवीकरण के लिए गलतबयानी किया था।

ईश्वर साहू भी अपने बयानों में जिस व्यक्ति अंजोर यदु पर आरोप लगाते थे, उसे भी सीबीआई ने दोषी नहीं माना है, सीबीआई की चार्जशीट में इसका कोई उल्लेख नहीं है। इससे साफ है कि बिरनपुर मामला भाजपा की सोची समझी साजिश थी।
जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भागवत साहू ने कहा कि भाजपा के इस षडयंत्र का कांग्रेस को राजनैतिक रूप से नुकसान हुआ। प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से शहर कांग्रेस संभागीय प्रवक्ता कमलजीत सिंह पिन्टू, पीसीसी प्रवक्ता रूपेश दुबे, पंकज बांधव, उपाध्यक्ष विकास त्रिपाठी, मोहम्मद यहया, महामंत्री अमित चंद्रवंशी, विशु अजमानी सहित कांग्रेसजन उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page