back to top

राजनांदगांव : ट्रेन छूटने के बाद महिला को लॉज ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, चार महीने बाद आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही महिला को मदद का झांसा देकर लॉज ले जाने और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला को धमकी देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण करने का भी आरोप है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 22 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, 15 अप्रैल 2026 को वह अपने मायके से बेंगलुरु जाने के लिए सुबह करीब 7:30 बजे राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पहुंची थी। टिकट लेने के बाद ट्रेन लेट होने के कारण वह प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर बैठी हुई थी। इसी दौरान रात करीब 10:30 बजे एक महिला और एक पुरुष उसके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे। दोनों ने भी बेंगलुरु जाने की बात कही।

कुछ देर बाद महिला वहां से दूसरी जगह चली गई। इसके बाद पुरुष ने पीड़िता को पानी पीने के लिए दिया। पानी पीने के बाद पीड़िता वहीं सो गई और उसकी ट्रेन छूट गई। अगले दिन सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने ठहरने की व्यवस्था करने का झांसा देकर उसे स्कूटी से बस स्टैंड के पास स्थित चंद्रा लॉज ले गया। आरोप है कि वहां पीड़िता के विरोध के बावजूद जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाया।

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे दो-तीन दिनों तक लॉज में रखा और कई बार उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद दीवानटोला, बजरंगपुर नवागांव में किराये के मकान में रखकर भी उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोपी उस पर बच्चा पैदा करने का दबाव बनाता था। पीड़िता द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी बताने पर आरोपी मारपीट करने लगा और घर से निकालने की धमकी देने लगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की।

लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 24 नवंबर 2026 को आरोपी उमेश कुमार वर्मा (32 वर्ष), निवासी बाजार अतरिया, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 08 R 9990 जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, उप निरीक्षक सुमेन्द्र कुमार खरे, सहायक उप निरीक्षक नंदनी ठाकुर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक उपासना साहू एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।