back to top

राजनांदगांव: कांग्रेस ने किसानों को दिया सम्मान,भाजपा ने दिए घोटाले…

➡️ अब विधानसभा अध्यक्ष के क्षेत्र में टोकन घोटाला – ऋषि शास्त्री

Advertisements

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। कांग्रेस के युवा नेता ऋषि शास्त्री ने राज्य में धान से जुड़े घोटालों की एक लंबी श्रृंखला होने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब राजनांदगांव में सामने आया टोकन घोटाला इस भ्रष्ट व्यवस्था की सबसे ताजा और चिंताजनक कड़ी है। वास्तविक किसानों को समय पर टोकन नहीं मिल पा रहे हैं जबकि दलालों और बिचौलियों को नियमों को ताक पर रखकर लाभ पहुंचाया जा रहा है।


श्री शास्त्री ने आगे कहा कि यह मामला इसलिए और भी गंभीर हो जाता है क्योंकि राजनांदगांव स्वयं विधानसभा अध्यक्ष का क्षेत्र है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब विधानसभा अध्यक्ष के क्षेत्र में ही किसानों के साथ अन्याय हो रहा है, तो प्रदेश के अन्य जिलों की स्थिति कितनी बदतर होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि टोकन सिस्टम में जानबूझकर तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियां की जा रही हैं, ताकि असली किसानों को परेशान किया जा सके और फर्जी तरीके से चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके।

भाजपा सरकार के कार्यकाल को घोटालों से भरा बताते हुए कहा कि इससे पहले भी धान पंजीयन घोटाला, फर्जी खरीदी, बिचौलियों के माध्यम से धान उठाव, और किसानों को भुगतान में देरी जैसे कई गंभीर मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से साफ जाहिर होता है कि भाजपा सरकार ने धान खरीदी की पूरी व्यवस्था को पारदर्शिता से हटाकर भ्रष्टाचार के दलदल में धकेल दिया है। इसके विपरीत ऋषि शास्त्री ने कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उस समय किसानों को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई गई थीं।

उन्होंने बताया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत प्रति एकड़ सीधी आर्थिक सहायता, समय पर भुगतान, कर्ज माफी, ब्याज मुक्त कृषि ऋण और गोधन न्याय योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं ने किसानों को आर्थिक संबल दिया। कांग्रेस सरकार ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया, जबकि मौजूदा भाजपा शासन में किसान खुद को ठगा और असहाय महसूस कर रहा है। अंत में ऋषि शास्त्री ने मांग की कि भाजपा शासनकाल में हुए सभी धान घोटालों की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा राजनांदगांव के टोकन घोटाले में शामिल अधिकारियों और बिचौलियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में किसानों के हक के लिए बड़ा आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page