back to top

राजनांदगांव : कुपोषण एक गंभीर सामाजिक अभिशाप, समाज के लिए हर एक बच्चा महत्वपूर्ण – कलेक्टर…

अंधत्व निवारण के लिए जिले में चलाया जाएगा सघन जांच अभियान
तंबाकू नियंत्रण को कारगर बनाने होगी प्रभावी कार्रवाई
समय-सीमा की बैठक में लंबित पत्रों की समीक्षा

राजनांदगांव 07 फरवरी 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण लंबित पत्रों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकृत करने कहा है। कलेक्टर ने कहा कि कुपोषण एक गंभीर सामाजिक अभिशाप है, समाज के लिए हर एक बच्चा महत्वपूर्ण है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि कुपोषण को जड़ से समाप्त करने के लिए गंभीरता पूर्वक कार्य करें।

Advertisements

उन्होंने कुपोषित बच्चों को फोकस करते हुए दिन में तीन बार पोषण आहार और दो बार प्रोटीन युक्त नाश्ते देने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन करते हुए शीघ्र ही बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के आधार पर आवश्यक दवाइयां व अन्य संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चे को केला, अंडा, अंकुरित अनाज, फल उपलब्ध कराने कहा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष कार्ययोजना निर्धारित की गई है।


कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अंधत्व निवारण के लिए जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा। नेत्र से संबंधित रोगी की पहचान कर उनके समुचित उपचार के लिए कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि जिलेभर में आंख से संबंधित बीमारी के मरीजों का चिन्हांकन कर उनके उपचार की व्यवस्था करें। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में तंबाकू नियंत्रण के लिए और अधिक प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

स्कूलों, महाविद्यालयों के साथ-साथ सभी शैक्षणिक संस्थाओं के 100 मीटर के भीतर धूम्रपान व तंबाकूयुक्त पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरूद्ध जब्ती के साथ-साथ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि इसके तहत अब तक जिले भर में कार्रवाई की जा रही है। अब आने वाले समय में और अधिक कड़ी कार्रवाई करते हुए तंबाकू नियंत्रण पर अंकुश लगाया जाएगा। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी अपनी सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करें। बैठक में कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गोधन न्याय योजना का बेहतर क्रियान्वयन करते हुए इसे आम आदमी के रोजगार सृजन और आमदनी अर्जित करने का जरिया बनाएं।

उन्होंने गौठान में रखे गए पैरा के समुचित उपचार और रखरखाव रखने कहा है। कलेक्टर ने अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले की खेल के क्षेत्र में अनूठी परंपरा रही है। जिले की गरिमा के अनुरूप प्रतियोगिता का आयोजन करने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, संयुक्त कलेक्टर श्री खेमलाल वर्मा, एसडीएम श्री अरूण वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो काफ्रेंसिंग के जरिए सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी जुड़े रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page