
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर सर्व यादव समाज राजनांदगॉव द्वारा राजनांदगॉव शहर में भव्य बाईक रैली निकालकर अपने आराध्य भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रारंभ एक दिवस पहले ही कर दिया गया है।

इस बाईक रैली को राजनांदगॉव महापौर मधुसूदन यादव ने प्रारंभ स्थल स्टेट स्कूल ग्राउण्ड से पीले रंग की ध्वज पताका लहराकर नगर भ्रमण के लिये रवाना किया जिसपर यादव समाज के आराध्य भगवान श्री कृष्ण का चित्र एवं श्लोक ‘‘कृष्णं वंदे जगतगुरूं‘‘ अंकित था, जिसका अर्थ है ‘‘मैं भगवान श्री कृष्ण को प्रणाम करता हूॅ, जो इस ब्रह्माण्ड के गुरू और सार्वभौमिक शिक्षक हैं।
इस वैदिक श्लोक को 4 सितम्बर श्री कृष्ण जन्माष्टमी एवं 5 सितम्बर शिक्षक दिवस से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सर्व याादव समाज की इस विशाल बाईक रैली में राजनांदगॉव जिले के झेरिया, कोसरिया एवं ठेठवार यादव समाज के सामाजिक सदस्यों ने सहभागिता की और समाजिक एकजुटता, समरसता एवं बन्धुत्व का परिचय दिया।
यह विशाल बाईक रैली शाम 4 बजे स्टेट स्कूल मैदान से नगर भ्रमण के लिये रवाना होकर शहर के मुख्य मार्गो में लगभग दो घंटे भ्रमण करने के पश्चात् शाम 6 बजे के .लगभग वापस स्टेट स्कूल ग्राउण्ड पहुॅचकर समाप्त हुई।
यह बाईक रैली मुख्यतः शहर के महावीर चौक, गुरूद्वारा चौक, मानव मंदिर चौक, बसंतपुर थाना चौक, भारत माता चौक, दिल्ली दरवाजा चौक, सुरजन वकील गली, अग्रसेन (काली माता मंदिर) चौक, गंज चौक, नंदई चौक, क्लब चौक बसंतपुर, स्टेडियम चौक, मोतीपुर, रामनगर, मुदलियार कॉलोनी, शंकरपुर, शिवनगर, प्रेस क्लब चिखली से ओव्हरब्रिज होकर वापस स्टेट स्कूल मैदान पहुॅचकर विराम ली।
बाईक रैली में सर्व यादव समाज के युवा, बुजुर्ग, पुरूष एवं महिलाओं की बढ़चढ़कर सहभागिता रही जिसमें पुरूष वर्ग मुख्यतः सफेद रंग के परिधान में एवं महिला वर्ग लाल रंग के परिधान में उत्साह एवं उमंग के साथ सामाजिक एकजुटता का परिचय देते दिखे।
सर्व यादव समाज राजनांदगॉव की आज की विशाल बाईक रैली को देखकर ही ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि राजनांदगॉव जिला सर्व यादव समाज द्वारा इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का पर्व पहले से भी अधिक वृहद स्तर पर पूरी धूमधाम से एवं गरिमामय आयोजन के रूप में आयोजित करने की तैयारी की गई है।











































