back to top

राजनांदगांव: कैलाश धाम मंदिर समिति द्वारा खिलाड़ियों का सम्मान…


राजनांदगांव । कैलाश धाम मंदिर समिति द्वारा पटरी पार क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। यह भव्य सम्मान समारोह चीखली मंड़ई के दौरान आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में आमजन की उपस्थिति रही।

इस आयोजन के दौरान “रंग छत्तीसा” सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी भव्य प्रदर्शन किया गया, जिसे कैलाश धाम मंदिर समिति के द्वारा आयोजित किया गया। सम्मान समारोह के तहत खिलाड़ियों को निःशुल्क खेल सामग्री और आकर्षक उपहार भेंट किए गए, जिससे खिलाड़ियों में हर्ष का माहौल रहा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी, खेलो इंडिया के कोच शकील अहमद एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की हॉकी कोच आरती शेंडे को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

हाल ही में संपन्न हुई राज्य महिला हॉकी प्रतियोगिता में अपने करियर के पहले ही टूर्नामेंट में विजेता बनीं पटरी पार क्षेत्र की होनहार खिलाड़ी चांदनी मरकाम, एकता राजपूत और जान्हवी मेश्राम को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज़ अंसारी ने पटरी पार क्षेत्र के बच्चों को संगठित करने, उन्हें शिक्षा, अनुशासन और खेल के प्रति जागरूक करने के लिए “रुद्राक्षम वेलफेयर सोसायटी” एवं इसके मार्गदर्शक, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच मृणाल चौबे की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह क्षेत्र जल्द ही जिले, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी में अपनी पहचान बनाएगा।

कैलाश धाम मंदिर समिति, चीखली-शांति नगर द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह और रंग छत्तीसा सांस्कृतिक कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों ने भारी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Advertisements

You cannot copy content of this page